March 10, 2026

Faridabad News : सिटी बस ने हाईवे पर लगाया 3 घंटे का जाम, फटे ब्रेक पाइप से थमा ट्रैफिक, अब खुला रास्ता

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में आज एक सिटी बस के अचानक सड़क पर खराब हो जाने से लगभग तीन घंटे तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा। यह घटना नेशनल हाईवे पर गुडईयर चौक के पास की है, जब बस अचानक बीच सड़क में खराब हो गई और नेशनल हाईवे पर पीछे करीब 5-7 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रही।

प्रत्यक्षदर्शियों और मौके पर मौजूद यात्रियों के अनुसार, बस में बैठे यात्रियों को उतारा गया और ड्राइवर बार-बार बस स्टार्ट करने की कोशिश करता रहा, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बस ड्राइवर का कहना है कि बस का ब्रेक प्रेशर पाइप फट गया, जिससे बस एकदम से रुक गई और आगे नहीं बढ़ पाई। “चलते-चलते ऐसा हो गया, ब्रेक पाइप फट गया, इसमें कोई कर भी क्या सकता है”, ड्राइवर ने कहा।

यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और जाम को हटाने की कोशिशों में जुट गई। यात्रियों को दूसरी सवारी से रवाना किया गया और लगभग एक घंटे तक मैकेनिक का इंतज़ार किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, “हमने अधिकारियों से बात की लेकिन उन्होंने कोई तसल्लीजनक जवाब नहीं दिया। किसी ने कहा कि मैकेनिक आ रहा है, किसी ने कहा कि गाड़ी एक्साम हो गई है।

एक पुलिसकर्मी ने बताया कि “हमने ट्रैफिक को डाइवर्ट करने की कोशिश की, लेकिन बस बीच सड़क में फंसी हुई थी, कोई हल नहीं निकल पा रहा था। एंबुलेंस तक फंसी रहीं। “लगभग ढाई से तीन घंटे बाद, जब मैकेनिक पहुंचे और प्रेशर पाइप को ठीक किया गया, तब जाकर बस को साइड किया गया और रास्ता खुला। पहले छोटे वाहन जैसे कारें निकलना शुरू हुईं, और धीरे-धीरे जाम खुलवाया गया।