March 8, 2026

100 करोड़ का खजाना निकालने का लालच देकर की गई ठगी, आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: जादू टोना और खजाना निकालने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक व्यक्ति को घर में 100 करोड़ रुपये का खजाना दबा होने का झांसा देकर करीब 35 से 40 लाख रुपये ठग लिए।पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 7 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि उससे और जानकारी जुटाई जा सके।

पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के अनुसार जवाहर कॉलोनी, निवासी रघुनन्दन ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब दो साल पहले उसके घर के एक कमरे में चावल बिखरे मिले थे। उसकी पत्नी ने आशंका जताई कि घर में किसी ने जादू टोना किया है। इस बात की जानकारी उसने अपने पड़ोसी को दी, जिसने एक मौलवी को घर बुलाया। मौलवी ने बताया कि घर में कोई जादू टोना नहीं बल्कि सापों का जोड़ा और जमीन के नीचे 100 करोड़ रुपये का सोना-चांदी दबा है, जिसे निकालने में 35 – 40 लाख रुपये खर्च आएगा। लालच में आकर शिकायतकर्ता ने मौलवी को पैसे दे दिए। कुछ समय बाद आरोपी पैसे लेकर फरार हो गया।

पुलिस ने मामले की जांच करते हुए बताया कि आरोपी कमरे आलम, निवासी खाबदा, जिला अरिया (बिहार) को उसके गांव से गिरफ्तार किया है।

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बयाया कि वह पिछले 13 – 14 वर्षों से फरीदाबाद में रह रहा था। पर्वतीय कॉलोनी स्थित एक मदरसे में करीब 7 – 8 साल नौकरी करने के बाद उसने चप्पल-जूते की दुकान खोली, जो शिकायतकर्ता के पड़ोस में थी। वहीं से दोनों के बीच जान-पहचान हुई। आरोपी ने एक बार शिकायतकर्ता के भाई के बेटे का घरेलू इलाज कर दिया, जिससे वह उस पर भरोसा करने लगा। इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने खजाने की कहानी गढ़ी और शिकायतकर्ता को बहला-फुसलाकर उससे बड़ी रकम ठग ली।