March 13, 2026

मेयर ने एनटीपीसी में बालिकाओं काे किया प्रोत्साहित

Faridabad/Alive News : बालिका सशक्तिकरण अभियान जी.ई. एम -2025 के अंतर्गत एनटीपीसी फरीदाबाद द्वारा आयोजित एक प्रेरणादायक संवाद सत्र “प्रेरक संवाद” में फरीदाबाद नगर निगम की माननीय महापौर श्रीमती प्रविण बत्रा जोशी ने प्रतिभागी बालिकाओं से संवाद किया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन में किया गया, जहाँ जी.ई.एम के अंतर्गत चयनित 40 प्रतिभाशाली बालिकाओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। जी.ई.एम एनटीपीसी की एक प्रमुख सीएसआर पहल है, जिसका उद्देश्य आस-पास के सरकारी स्कूलों की बालिकाओं में आत्मविश्वास, जीवन कौशल और सशक्तिकरण की भावना का विकास करना है।

माननीय मेयर ने अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए बालिकाओं को आत्मविश्वासी बनने, शिक्षा को प्राथमिकता देने और ऊँचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सीमाओं को पार कर अपने सपनों को साकार करने की ताकत हर बेटी में होती है। उनकी संवेदनशील और प्रेरणादायक बातों ने बालिकाओं को गहराई से प्रभावित किया।

इस अवसर पर एनटीपीसी फरीदाबाद के अधिकारीगण, सुकीर्ति महिला संघ की सदस्याएं और जी.ई.एम परियोजना से जुड़े प्रशिक्षकगण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जी.ई.एम बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत एक संक्षिप्त सांस्कृतिक कार्यक्रम और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

एनटीपीसी फरीदाबाद अपने सामाजिक दायित्वों के प्रति सतत प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से समावेशी विकास को निरंतर प्रोत्साहित करता है।