March 13, 2026

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में आठ दिवसीय ग्रीष्मकालीन भाषा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन

Faridabad/Alive News: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर- 3 में आठ दिवसीय ग्रीष्मकालीन भाषा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया जिसमें कुल 60 विद्यार्थियों द्वारा प्रतिभाग किया गया‌। इस सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में प्रथम दिवस कार्यक्रम की दीप प्रज्वलन से शुरुआत करते हुए नई शिक्षा नीति में भाषा के महत्व को लेकर विद्यालय के प्राचार्या ने प्रकाश डाला।

इसके बाद विद्यार्थियों को पंजाबी भाषा की वर्णमाला एवं गणना सिखाई गई। कार्यक्रम के दूसरे दिन विद्यार्थियों को पंजाब का वर्चुअल टूर कराया गया जिसमें उनको वहां की ऐतिहासिक धरोहर एवं प्रमुख स्थलों के बारे में बताया गया।
कार्यक्रम के तीसरे दिन विद्यार्थियों को पंजाब की संस्कृति, रहन-सहन, वेशभूषा इत्यादि के बारे में बताया गया। साथ ही उन्हें वहां के वास्तविक जीवन के विषय से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के चौथे दिन विद्यार्थियों को पंजाब राज्य के नृत्य, संगीत एवं चित्रकला इत्यादि से परिचय करवाया गया। कार्यक्रम के पांचवें दिन विद्यार्थियों को आजादी में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले पंजाब के स्वतंत्रता सेनानियों, उसके इतिहास, कलाकारों एवं प्रसिद्ध हस्तियों के विषय में बताया गया।

कार्यक्रम के छठे दिन विद्यार्थियों को पंजाब के खानपान के विषय में विस्तार पूर्वक बताया गया। साथ ही उनको वहां के प्रमुख व्यंजनों को बनाना सिखाया गया। पंजाब की प्रमुख फल एवं सब्जियां का भी ज्ञान प्रदान किया गया। कार्यक्रम के सातवें दिन विद्यार्थियों को पंजाबी भाषा सीखने के साथ-साथ वहां की संस्कृति एवं सभ्यता को समझकर भारत की राष्ट्रीय एकता को बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का अंत करते हुए विद्यालय की प्राचार्या भारती कुक्कल ने विद्यार्थियों का ज्ञानवर्धन करते हुए कहा गया कि हमें हमारी संप्रभुता अखंडता एवं एकता को बनाए रखने के लिए किसी भारतीय भाषा को सीखने के साथ-साथ वहां की संस्कृति एवं सभ्यता से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। यदि हम एक दूसरे की संस्कृति से नहीं जुड़ेंगे तो भारतीय एकता संभव नहीं हो पाएगी।