March 7, 2026

स्वच्छता सर्वेक्षण–2025 : फरीदाबाद को दिलानी है बेहतर रैंकिंग, अधिकारी समय पर करें कार्य – सतबीर सिंह

Faridabad/Alive News: भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा स्वच्छता सर्वेक्षण–2025 का आयोजन किया जा रहा है, इसके तहत देशभर के जिलों के ग्रामीण क्षेत्रों का स्वच्छता के आधार पर मूल्यांकन किया जाएगा। जिला परिषद एवं डी.आर.डी.ए. फरीदाबाद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतबीर सिंह मान ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे समयबद्ध तरीके से अपने कार्य पूर्ण करें और भारत सरकार की गाइडलाइन्स का पालन करें।

स्वच्छता सर्वेक्षण–2025 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिला परिषद व डी.आर.डी.ए. फरीदाबाद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतबीर सिंह मान ने कहा कि भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित इस सर्वेक्षण में ग्रामीण क्षेत्रों की स्वच्छता का मूल्यांकन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए उन्होने कहा कि उपायुक्त विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में जिले को बेहतर रैंकिंग दिलाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है और विभिन्न संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर कार्य किया जा रहा है।

सतबीर सिंह ने बताया कि उपायुक्त विक्रम सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन सर्वेक्षण को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और विभिन्न विभागों के बीच तालमेल बनाकर योजनाबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

ये स्थान आएंगे आकलन के दायरे में
स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले प्राथमिक चिकित्सा केंद्र, आंगनबाड़ी केंद्र, स्कूल, सामुदायिक भवन, धार्मिक स्थल, बस स्टैंड व अन्य सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया जाएगा।

ग्रामवासियों की भागीदारी है जरूरी
सीईओ जिला परिषद् सतबीर सिंह ने जिले के सभी ग्रामवासियों से अपील की है कि वे इस सर्वेक्षण में सक्रिय भागीदारी करें और फरीदाबाद जिले के ग्रामीण क्षेत्रों को राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट स्थान दिलाने के लिए सहयोग करें।