June 14, 2025

करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड संजय कपूर का हार्ट अटैक से निधन, मौत से 3 दिन पहले किया था ऐसा ट्वीट

Delhi/Alive News: फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर का दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से निधन हो गया। वह 54 साल के थे। यह घटना 12 जून, गुरुवार को उस वक्त हुई जब वह पोलो खेल रहे थे।

दुखद बात ये है कि संजय कपूर ने अपनी मौत से सिर्फ तीन दिन पहले यानी सोमवार को एक ट्वीट किया था, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। उस ट्वीट में उन्होंने लिखा था “धरती पर आपका समय सीमित है। अगर-मगर फिलॉसफर्स के लिए छोड़िए। इसके बजाय सबसे पहले यह कहकर कूद पड़ो कि ‘क्यों नहीं’।”उन्होंने इसके साथ #MondayMotivation हैशटैग भी लगाया था।

अब इस ट्वीट पर लोग भावुक हो रहे हैं और तरह-तरह की बाते कर रहे हैं। किसी ने लिखा – “ईश्वर इशारा दे देते हैं”, तो किसी ने कहा “जिंदगी वाकई बहुत अनिश्चित है।”एक यूजर ने लिखा – “क्या उन्हें अहसास था कि यह आखिरी ट्वीट होगा?”

करिश्मा और संजय का रिश्ता

संजय कपूर ने करिश्मा कपूर से 2003 में शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं समायरा और कियान। लेकिन 2014 में दोनों अलग हो गए थे और 2016 में उनका तलाक हो गया। बाद में संजय ने 2017 में मॉडल प्रिया सचदेव से दूसरी शादी की थी और 2018 में दोनों को एक बेटा हुआ था।

संजय कपूर के अचानक निधन से उनके जानने वाले और सोशल मीडिया पर लोग बेहद दुखी हैं।