May 11, 2025

सास को गोली मारकर फरार होने वाले दामाद को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: बीती रात अपनी सास को गोली मारकर फरार होने वाले दामाद को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी का अपनी पत्नी से मनमुटाव चल रहा था। दोनों की लव मैरिज थी। 2 साल पहले प्रियंका बच्चों के साथ आरोपी को छोड़कर अपनी मां के घर चली गई थी तथा प्रियंका ने आरोपी पर अदालत में केस डाल दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 3 दिन के रिमांड पर लिया है।

रीता गिरी निवासी नंगला एनक्लेव पार्ट-1 सारन ने पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी को दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि वर्ष 2009 में उसकी बेटी प्रियंका की शादी रामबीर निवासी नंगला एनक्लेव पार्ट-1 सारन के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही रामबीर उसकी बेटी को परेशान करता था। शिकायतकर्ता की बेटी ने रामबीर के खिलाफ खर्चा व मारपीट का केस डाला हुआ है। इस संबंध में कई दिनों से रामबीर शिकायतकर्ता व उसकी लड़की को धमकी दे रहा था। 9 मई की रात को रामबीर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और शिकायतकर्ता को जान से करने के नियत से देसी कट्टे से पेट में गोली मारी और मौका से भाग गया। थाना सारन में हत्या के प्रयास व अन्य संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस चौकी पर्वतीय कॉलोनी की टीम ने मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी रामबीर निवासी नंगला एनक्लेव पार्ट-1 सारन को गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसने प्रियंका से लव मैरिज की थी। जिससे उसका मनमुटाव चल रहा था। 2 साल पहले प्रियंका बच्चों के साथ आरोपी को छोड़कर अपनी मां के घर पर आ गई थी तथा प्रियंका ने आरोपी पर अदालत में केस डाल दिया। 9 मई की रात को वह देसी कट्टा लेकर प्रियंका के घर गया, जहां पर उसने अपनी सास को गोली मार दी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 3 दिन के रिमांड पर लिया है।