April 8, 2025

श्री राम हमारे आदर्श हैं, वह भारत के प्राण हैं – स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में श्री रामनवमी का पर्व बड़ी ही धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अधिपति जगतगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने भगवान श्री रामचंद्र जी का सविधि अभिषेक किया और जनकल्याण के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि श्रीराम हमारे भारत के प्राण हैं। उनके उच्च आदर्श हमारे लिए प्रेरणा के स्रोत हैं। श्री राम ने जो करके दिखाया वह मनुष्य के लिए आदर्श स्थिति है। वह एक पुत्र, पिता, पति और राजा के रूप में ऊंचे आदर्श प्रस्तुत करके गए हैं। आज उनके जन्मदिन पर हम उनके आदर्शों को अपने जीवन में स्वीकार करने का प्रण लें यही उनके प्रति हमारी सच्ची भक्ति और आस्था होगी। इस अवसर पर उन्होंने हजारों भक्तों को प्रसाद प्रदान किया।

इससे पूर्व आज आश्रम की अधिष्ठाता वैकुंठवासी स्वामी सुदर्शनाचार्य महाराज की धर्मपत्नी स्वर्गीय अशर्फी देवी गुरु माता जी की भी जयंती होने से भक्तों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। जहां स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य ने उनकी समाधि पर विशेष पूजन किया और भक्तों की कुशल क्षेम के लिए प्रार्थना की।

इस अवसर पर बहुत सुंदर झांकी आश्रम परिसर में निकाली गई जिसमें नयनाभिराम छवि वाले राम, सीता और हनुमान के सजीव चित्रण लोगों के सामने प्रस्तुत किया गया।