September 29, 2024

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विशाल रैली के मंच से भाजपा प्रत्याशी सतीश फागना के लिए की वोट की अपील

Faridabad/Alive News: एनआईटी विधानसभा में विशाल रैली को संबोधित करते हुए ऋषि मुनियों की धरती फरीदाबाद को कोटि-कोटि नमन करते हुए हिंदू सम्राट एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महाराज ने कहा कि मैं उत्तर प्रदेश की धरा से यहां आया हूं और पूरा देश ही नही पूरी दुनिया भी इस बात को जानती है कि अयोध्या में 500 वर्षो के बाद रामलला अपनी जन्मभूमि पर विराजमान हुए हैं। ऐसा नही है कि इससे पहले प्रयास नहीं किए गए होंगे। उन्होंने आगे कहा कि पूराने समय में अयोध्या के रामलाल मंदिर की स्थापना को लेकर हिंदुओं ने बड़ी लड़ाई लड़ी और लाखों ने बलिदानी दी। इन बलिदानियों में चाहे वह निहंग रहे हो, साधु संत रहे हो, चाहे वो राजा-राजवाड़े रहे, महिला रही हो या फिर युवा रहे हो इन्होंने रामलला के चरणों में अपना बलिदान दिया था।

योगी आदित्यनाथ महाराज ने कहा कि आजादी से पहले देश सैकड़ो साल तक गुलाम था और देश पर अलग-अलग ताकतों ने हम पर राज किया, उस समय मंदिर का काम नही हो सकता था। लेकिन 1947 में देश आजाद हुआ था, अगर कांग्रेस की सरकार चाहती तो अयोध्या में सबसे पहले राम मंदिर का निर्माण हो सकता था। क्योंकि उस समय विवाद नही था लेकिन कांग्रेस ने विवाद खड़ा करके राम मंदिर के निर्माण पर बैरियर खड़ा कर दिया।

राम मंदिर के निर्माण का समाधान नहीं होने दिया।योगी ने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर का निर्माण 65 वर्षों में नहीं कर पाई और 2014 में मोदी प्रधानमंत्री बने, 2017 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और 2019 में राम मंदिर अयोध्या का विवाद सदैव के लिए समाप्त कर दिया। उन्होंने कहा कांग्रेस समस्या का नाम है, देश में जितनी समस्या है वह कांग्रेस की देन है। देश के विभाजन की त्रासदी हो, देश को जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर बांटने की बात हो, आतंकवाद में झोंकने की बात हो, भ्रष्टाचार की बात हो, भाई भतीजावाद करने की बात हो, दुष्प्रवृति फैलाने का काम रहा हो, ये सब कांग्रेस की देन हैं।

योगी आदित्यनाथ महाराज ने कांग्रेस को देश की समस्या बताया और बीजेपी को समाधान का बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संकल्प युवाओं को रोजगार, विकास, महिला सुरक्षा, गरीब की सहायता और सुरक्षा, सुशासन की गारंटी, किसान, जवान को शासन की सभी योजनाओं से लाभान्वित करना है। योगी आदित्यनाथ ने एनआईटी विधानसभा की रैली से प्रवासी (यूपी) वोट बैंक को साधने का काम किया है। उन्होंने कहा देश में आतंकवाद की समस्या 370 थी वो मोदी ने समाप्त कर दी है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद समाप्त होने का मतलब लोगों का भविष्य सुरक्षित।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश के लोगों का वर्तमान को तो सुरक्षित कर ही रही है वहीं, भविष्य को बेहतर बनाने का काम भी कर रही है। उन्होंने लोगों को हरियाणा में कांग्रेस के पिछले 10 साल के शासनकाल की याद दिलाते हुए कहा कि उस समय भ्रष्टाचार अपने चरम पर था, भ्रष्टाचार से कांग्रेस आकण्ठ तक डूबी हुई थी। उस समय में लूट खसोट थी, खनन माफिया, वन माफिया सक्रिय थे और माफिया कांग्रेस के सागीरध थे और ये मिलकर हरियाणा का शोषण कर रहे थे। हरियाणा के विकास में रोड़े अटका रहे थे।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा की 10 साल की सरकार में हरियाणा को आर्थिक स्ट्रक्चर, नेशनल हाईवे की कनेक्टिविटी, मेट्रो का माध्यम, हर घर नल की योजना के माध्यम से, आईआईटी, एम्स जैसे संस्थानों के माध्यम से, स्पोर्ट्स एकेडमी के माध्यम से, निवेश के माध्यम से जोड़ा है।उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में भाजपा की सरकार है वहां सुशासन है, विकास है, तरक्की है। उन्होंने हरियाणा के राजनीतिक दलों को लेकर कहा कि वह प्रदेश और लोगों का विकास नहीं चाहते, ये लोगो में बंटवारे की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इसलिए आपके द्वारा आई है कि लोगों के सुरक्षा और सम्मान के लिए, विकास और विरासत के लिए फरीदाबाद को बेहतर बनाने के लिए, एक भारत सर्वश्रेष्ठ भारत बनाने के लिए और विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाने के लिए ही भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को विजय बनाये।

योगी आदित्यनाथ ने मंच से रैली में आई भारी भीड़ से एनआईटी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सतीश फागना के लिए वोट देने की अपील भी की।विशाल रैली में केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजकुमार वोहरा, एनआईटी विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी सतीश फागना, बल्लभगढ़ से भाजपा प्रत्याशी मूलचंद शर्मा, पृथला विधानसभा से टेकचंद शर्मा ने भी संबोधित किया।

इस विशाल रैली में बड़खल से भाजपा प्रत्याशी धनेश अदलखा, भाजपा नेता अनिल नागर, डॉ आर एन सिंह, भगवान सिंह, भाजपा नेता कविन्दर चौधरी, आदेश यादव, धर्मवीर भड़ाना, सुरेंद्र भड़ाना, मनोज यादव मौजूद रहे।