September 20, 2024

बड़खल विधानसभा से मनोज चौधरी ने ठोकी ताल, बसपा-इनेलो गठबंधन से किया नामांकन

Faridabad /Alive News: बहुजन समाज पार्टी के हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज चौधरी अनखीर ने बड़खल विधानसभा से ताल ठोकर चुनाव को रोमांचक बना दिया है। चौधरी ने बसपा इनैलो गठबंधन के उम्मीदवार के रूप में बड़खल विधानसभा 87 से आज 12 सितंबर को नामांकन किया।

मनोज चौधरी के नामांकन करते ही शहर में हलचल मच गई है। नामांकन के बाद प्रेस को संबोधित करते हुए बसपा इनैलो गठबंधन उम्मीदवार श्री चौधरी ने कहा पिछले 20 साल से बड़खल की जनता कांग्रेस और भाजपा के कुशासन से परेशान है। उन्होंने कहा पहले कांग्रेस के 10 साल पूर्व विधायक और मंत्री रहे चौधरी महेंद्र प्रताप ने कोई खास विकास कार्य नहीं किया। वहीं वर्तमान में मंत्री और विधायक सीमा त्रिखा का कार्यकाल जीरो रहा।

क्षेत्र की जनता अपने आप को ठगा महसूस कर रही है। आज भी विधानसभा के गांव बड़खल, नवादा, अनंखीर, लकड़पुर, अनंगपुर फतेहपुर चंदीला, भाकरी सहित शहर की कालोनियां, जिनमें प्रमुख तौर पर एसजीएम नगर बडखल कॉलोनी, ए सी नगर, भगत सिंह कॉलोनी, गांधी कॉलोनी, फरीदाबाद रेलवे स्टेशन रोड और सभी सेक्टरों में सीवर का गंदा पानी भरता है। पीने का साफ पानी नहीं है। सड़कों की हालत खराब है। सभी पार्क बंद से बत्तर हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार की कोई व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा वह पिछले 21 वर्ष से लगातार बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे। उन्होंने यह महसूस किया कि उन्हें जनता के भलाई के लिए लड़ना चाहिए।

उन्होंने बड़खल विधानसभावासियों से अपील करते हुए कहा कि वह गठबंधन की सच्चाई और ईमानदारी को देखते हुए। बहन कुमारी मायावती का उत्तर प्रदेश में चार बार का कार्यकाल देखते हुए हाथी का बटन दबाकर उन्हें विजई बनाएं। उनका वादा है कि वह किसी भी प्रकार की समस्या क्षेत्र में नहीं रहने देंगे। इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष सरदार उपकार सिंह, हरियाणा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एडवोकेट एन पी सिंह बघेल, जिला महासचिव डॉ सुशील कटारिया, विधानसभा अध्यक्ष रमेश कश्यप, फरीदाबाद 89 विधानसभा अध्यक्ष के एल गौतम सहित सैकड़ो कार्यकर्ता मौजूद रहे।