September 20, 2024

कांग्रेस सरकार बनने पर प्रवासी कल्याण बोर्ड का करेंगे गठन, बनेगा प्रवासी समाज का मेयर : हुड्डा

Faridabad/Alive News: प्रवासियों ने कड़ी मेहनत से हरियाणा के निर्माण में अपना सहयोग दिया है। आपने उद्योगों के विकास और निवेश में बढ़ोतरी के लिए अहम रोल अदा किया है। प्रदेश में अनेक फैक्ट्रियां प्रवासियों के सहयोग से ही आईं हैं। कांग्रेस सरकार के समय प्रवासियों के इस योगदान का सम्मान करते हुए अनेक योजनाएं चलाईं गईं थीं और कामगारों को बसाने के लिए 10000 फ्लैट दिए गए थे। लेकिन भाजपा सरकार ने प्रवासियों के 10 हजार घरों पर बुलडोजर चलवा दिया। यानी कांग्रेस ने बसाया था, बीजेपी ने उजाड़ा है। लेकिन जल्द ही हरियाणा से बीजेपी की विदाई होने जा रही है और फिर कांग्रेस सरकार बनने पर प्रवासियों के मान-सम्मान को बढ़ाने के लिए प्रवासी कल्याण बोर्ड का गठन किया जाएगा। यह घोषणा पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने फरीदाबाद में आयोजित भोजपुरी अवधी समाज प्रवासी सम्मेलन में की। सम्मेलन में उनके साथ हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष चौधरी उदयभान भी मौजूद रहे।

दोनों नेताओं का भारी संख्या में मौजूद लोगों ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने अपनी मांगे हुड्डा और उदयभान के सामने रखीं। हुड्डा और चौ. उदयभान ने भी खुले दिल से उन्हें स्वीकार करते हुए कांग्रेस सरकार बनने पर पूरा करने का वादा किया। कार्यक्रम का आयोजन विधायक नीरज शर्मा द्वारा करवाया गया था। मंच संचालन फरीदाबाद के प्रभारी पूर्व मंत्री एवं विधायक आफताब अहमद ने किया।

इस मौके पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस ने हरियाणा के पहले नगर निगम फरीदाबाद में चुनाव जीतने के बाद प्रवासी सूबेदार सुमन को सबसे पहला मेयर बनाया था। अब फिर से कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। सरकार बनते ही प्रवासी भाईयों के लिए प्रवासी कल्याण बोर्ड बनाया जाएगा और उनको बेहतर रोजगार, रहने के लिए घर दिए जाएंगे, सरकार बनते ही छठ पर्व पर एैच्छिक छुट्टी होगी, नए छठ घाट बनाए जाएंगे। साथ ही हुड्डा ने प्रवासी भवन के सामने बने कूड़ा घर को हटाने का भी ऐलान किया है।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रवासियों को उनका राजनीतिक हक याद दिलाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने उनका कोई ध्यान नहीं रखा। कांग्रेस की ओर से नीरज शर्मा प्रवासी समाज के विधायक हैं। हरियाणा में प्रवासी समाज से शिवचरण शर्मा मंत्री बने थे। अब आपसे वादा है कि कांग्रेस की सरकार आने पर फरीदाबाद का मेयर प्रवासी समाज से ही बनेगा।

हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने प्रवासियों को रोजगार देने और फ्लैट के साथ कई शहरों में धर्मशाला व बारात घर के लिए जगह व फंड दिए थे। लेकिन बीजेपी ने इस दिशा में कभी कोई काम नहीं किया। इसलिए कांग्रेस आह्वान करती है कि हरियाणा को आगे लेकर जाने, प्रवासियों को मान-सम्मान दिलाने के लिए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को समर्थन दें।

कार्यक्रम में तमाम नेताओं के साथ पूर्व विधायक रघुवीर तेवतिया, पूर्व विधायक शारदा राठौर, ललित नागर, सुखबीर सिंह फरमाना, वरिष्ठ कांग्रेस नेता लखन सिंगला, विजय प्रताप, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस पूर्वांचल प्रकोष्ठ के चेयरमैन युद्धवीर झा, सुमित गौड़, तरूण तेवतिया, नितिन सिंगला, अब्दुल गफ्फार कुरैशी, जगत सिंह नागर एडवोकेट, भारत अरोड़ा, मुकेश शर्मा राजेन्द्र भामला, रेनू चौहान, अनीशपाल, राजकुमार शर्मा, उमेश कौशिक, संजय सोलंकी, अनिल नेताजी, मुकेश डागर, चौधरी राम मेहर, तुलाराम शास्त्री भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे।

इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदयभान, विधायक नीरज शर्मा और सभी कांग्रेस नेता आदि धाम जैन मंदिर में पहुंचे। यहां जैन समाज द्वारा उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर अनंत जैन प्रधान, निर्मेष जैन महासचिव, आईएस जैन, योगेश जैन लाला, राहुल जैन, नितिन जैन सहित बड़ी तादाद में जैन समाज के लोग मौजूद रहे।