September 28, 2024

सीवर ओवरफ्लो की समस्या से जूझ रहे हैं सेक्टर-23 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के लोग

Faridabad/Alive News: वार्ड-3 के सेक्टर-23 की हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में पिछले तीन महीने से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। कालोनी में पानी निकासी न होने के कारण आवागमन करने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शिकायत करने के बाद भी नगर निगम के अधिकारी कोई कार्यवाही नहीं कर रहे हैं।

उनका कहना था कि सीवर ओवरफ्लो होने के कारण पूरी गली में दूषित पानी जमा हो रहा है। जिससे आसपास का माहौल भी दुर्गंधमय बना हुआ है। इधर, लोगों यह भी कहना था कि वह इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों के पास फोन कर चुके हैं। परंतु अधिकारी उनके फोन का भी कोई जवाब नहीं दे रहे हैं।

क्या कहना है लोगों का

पिछले तीन महीने से यह समस्या बनी हुई है। नगर निगम में शिकायत करने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
-जयपाल सिंह, स्थानीय निवासी।

सीवर ओवरफ्लो होने की वजह से गंदा पानी घर के गेट तक भर आया है, गेट खोलते ही बदबू घर के अंदर तक आने लगती है। ऐसे में घर के अंदर रहना भी दुश्वार हो गया है।
-तिलक सिंह, स्थानीय निवासी।

क्या कहना है अधिकारी का
वार्ड-3 में सीवर ओवरफ्लो की समस्या के बारे में हमारे पास कोई शिकायत नहीं आई है। सेक्टर-23 हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो की समस्या की जानकारी आपके माध्यम से मिली है। शिकायत आने के बाद समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।
-ओ.पी कर्दम, कार्यकारी अभियंता-नगर निगम बल्लभगढ।