September 28, 2024

छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार के कलेक्टर ऑफिस में तोड़फोड़-आगजनी, भीड़ ने सैकड़ों कार-बाइक फूंकी

Baloda Bazar/Alive News: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में सोमवार को बड़ा हंगामा हो गया। यहां प्रदर्शन कर रहे सतनामी समाज का आंदोलन उग्र हो गया। जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने कलेक्टर ऑफिस में आग लगा दी। इसके साथ ही कलेक्टर परिसर में खड़े कई वाहनों को भी फूंक दिया है। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई है। इस झड़प में कई लोगों को गंभीर चोंटें आई हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, गिरौधपुरी में जैतखाम तोड़े जाने के विरोध में सतनामी समाज प्रदर्शन कर रहा था।

सतनामी समाज के करीब हजारों लोग इसके विरोध में कई दिनों से विरोध कर रहे थे। सोमवार को सभी प्रदर्शनकारी कलेक्ट्रेट और जिला पंचायत कार्यालय का घेराव करने निकले थे इसी दौरान प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और कलेक्टर परिसर में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने वहां खड़ी कई गाड़ियों में तोड़फोड की है। बता दें कि जैतखाम में तोड़फोड़ के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

जैतखाम के बारे में बताया जाता है कि यह सतनामी पंथ के ध्वज का नाम है। सतनामी समाज के लिए यह जैतखाम संप्रदाय का प्रतीक माना जाता है। सतनामी समुदाय का सबसे बड़ा जैतखाम छत्तीसगढ़ के गिरौधपुरी में है। इसकी ऊंचाई करीब 77 मीटर के आसपास बताई जा रही है। कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा इसमें तोड़फोड़ की गई थी जिसके बाद सतनामी समाज के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं