September 28, 2024

पौधे लगाकर उनकी देखभाल का लिया संकल्प

Faridabad/Alive News: श्री सिद्धदाता आश्रम में विश्व पर्यावरण दिवस पर फलों के पौधे लगाए गये। इस दौरान मौजूद भक्तों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। सभी ने पौधे लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया।

सूरजकुंड रोड स्थित श्री सिद्धदाता आश्रम में विश्व पर्यावरण दिवस पर फलों के पौधे लगाए गए। इस अवसर पर जगदगुरु स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने भक्तों के संग बड़ी संख्या में पपीता, जामुन, अमरूद आदि फलों के पौधे लगाए। यह पौधे वैकुंठवासी गुरु महाराज की समाधि स्थल, परिक्रमा मार्ग आदि स्थानों पर लगाए गए।

इस अवसर पर स्वामी पुरुषोत्तमाचार्य महाराज ने कहा कि वृक्षों को हमारे जीवन में सर्वाधिक महत्व है। यह हमारे लिए प्राणवायु उत्सर्जित करते हैं वहीं भोजन भी प्रदान करते हैं। यही नहीं हमारे जीवन में पल पल पर प्रयोग में आने वाली वस्तुएं भी हमें वृक्षों से ही मिलती हैं। इनमें कपड़ा, कागज और भोजन भी शामिल हैं। लेकिन मनुष्य धार्मिक आस्था के साथ वृक्षों का पूजन तो करता है परंतु उनको लगाने की आदत विकसित नहीं कर पाया है। जबकि हमें अपने जीवन में कम से कम 10 पौधे तो अवश्य ही लगाने चाहिए और उनको बड़ा कर वृक्ष बनने तक पालना चाहिए।