June 9, 2025

देश विदेश में आज करोड़ों लोगों ने मनाई दिवापली: रेनू भाटिया

Faridabad/Alive News: हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने सैंकड़ों राम भक्तों के साथ आज शोभा यात्रा का आयोजन किया। चेयरपर्सन रेनु भाटिया ने एनआईटी स्थित अपने निजी आवास से शोभा यात्रा का शुभारंभ किया जोकि एनआईटी-1 मैन मार्किट के बीच से निकलकर मिलाप दवाखाना से होते हुए कल्याण सिंह चौक, आर्य समाज रोड से सीधे गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, एनआईटी 1 पर समाप्त हुई। इस शोभा यात्रा का जगह-जगह पर रामभक्तों, दुकानदारों एवं वालंटियर्स ने गरमजोशी के साथ स्वागत किया।

इस अवसर पर हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया द्वारा एनआईटी 1 मैन मार्किट में मिलाप दवा खाना पर 22 फुट ऊँची हनुमान की जी प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। यात्रा में शामिल रामभक्त भगवान श्री राम के भजनों एवं भक्ति गीतों पर थिरके। वहीं चारों ओर जय श्री राम के नारों की गूंज सुनाई दी।शोभा यात्रा में महिला पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों के अलावा कॉलेजों और स्कूली छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर महिला आयोग की चेयरपर्सन ने भगवा रंग की पगड़ी पहन कर शोभा यात्रा की अगुवाई की।

महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने कहा कि आज का दिन उत्सव का नहीं महा उत्सव का दिन है। हम सबका सौभाग्य है आज हम सब यह दिन देख पा रहे है। जब इतिहास लिखा जायेगा कि रामलला अयोध्या के मन्दिर में विराजमान कब हुए तो आज के दिन जिक्र किया जाएगा।

आज के दिन से बड़ा कोई उत्सव नहीं हो सकता। युग बदल रहा है जो इतिहास हम सबसे छुपाया गया वही इतिहास हमारे देश के प्रमुख नेता आज वापस लेकर आये है। हिन्दुस्तान का इतिहास बहुत गहरा और संस्कारी है। आज देश विदेश में रह रहे करोड़ों रामभक्तों का मन भावुक है क्योंकि सभी रामभक्तों को अपने प्रभु श्री राम के मंदिर निर्माण का पिछले 500 सालों से इंतज़ार था। इस पल को वर्णित करना बेहद कठिन है। हर मन में राम नाम है।

उन्होंने बताया की आज इस शोभा यात्रा में लगभग 800 से अधिक स्कूली छात्राओं, कई संस्थाओ के पदाधिकारी और रामभक्तों ने भाग लिया है। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं के साथ साथ कई संस्थाओ के पदाधिकारी और अधिकारीगण उपस्थित रहे।