May 11, 2025

पत्रकार बी.डी कौशिक का आकस्मिक निधन, पत्रकारों में शोक की लहर

Faridabad/Alive News: एसजीएम नगर निवासी पत्रकार भगवत दयाल कौशिक का शनिवार सुबह आकस्मिक निधन हो गया, वह 57 वर्ष के थे। परिजनों ने उन्हें शुक्रवार को बी.पी लो होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था जहां शनिवार सुबह करीब चार बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके आकस्किम निधन की सूचना से मीडिया जगत में शोक की लहर दौड़ है। अंतिम संस्कार में परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा, बीजेपी के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा के पति एडवोकेट अश्विनी त्रिखा, भाजपा नेता अनीता शर्मा समेत अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी और जिले के पत्रकार शामिल हुए।

पत्रकार भगवत दयाल कौशिक (57 वर्षीय) मूलरूप से कुरुक्षेत्र स्थित तहसील लाडवा के गांव सूरा के रहने वाले थे। कौशिक करीब 35 साल पहले फरीदाबाद आए व फरीदाबाद को अपनी कर्मभूमि बना लिया। फरीदाबाद के एसजीएम नगर स्थित जी ब्लॉक में स्वर्गीय भगवत दयाल कौशिक अपने परिवार के साथ रहते थे जिसमें धर्मपत्नी मधु कौशिक, बेटी निहारिका, बेटा कार्तिक व सबसे छोटी बेटी करुणा शामिल हैं। उन्होंने अपने जीवन काल में कई अखबारों में सेवाएं दी।

10 अप्रैल 2023 को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई बाद में इलाज के बाद वह ठीक हो गए थे। शुक्रवार को अचानक कौशिक का बी. पी कम हो गया और शरीर ने काम करना बंद कर दिया, उन्हें तत्काल फोर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया जहां उनको वेंटिलेटर पर रखा गया। आज 15 अप्रैल करीब 4 बजे उन्होंने अपनी आखिरी साँसे ली। जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार पटेल चौक के शमशान घाट पर किया गया।