June 13, 2026

घर–घर स्वदेशी के संदेश के साथ बांटे गए 90 हजार पुष्प

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की मेयर प्रवीण बत्रा जोशी ने आज ग्रेटर फरीदाबाद स्थित अमौलिक हायट्स में शीतकालीन पुष्प पौधों का बड़े स्तर पर वितरण किया। इस अवसर पर मेयर ने नागरिकों से प्रतिबंधित पॉलीथिन के उपयोग को पूर्णतः बंद करने और स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में मेयर प्रवीण बत्रा जोशी द्वारा लगभग नब्बे हजार शीतकालीन पुष्प पौधे शहरवासियों को वितरित किए गए। पौधों के वितरण के दौरान सोसायटी के सदस्यों एवं स्थानीय निवासियों ने मेयर का गर्मजोशी से स्वागत किया।

मेयर ने बताया कि नगर निगम द्वारा 17 करोड़ से अधिक विभिन्न प्रजातियों के फूलों के पौधे तैयार किए गए हैं। आने वाले दिनों में इन पौधों के रोपण से शहर के घरों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों में रंग-बिरंगे फूलों की सुंदरता देखने को मिलेगी। लोगों ने इस पर्यावरण संरक्षण की पहल का समर्थन किया और पौधों की समुचित देखभाल का भरोसा दिया।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री प्रवीण चौधरी, पार्षद प्रतिनिधि रिंकू सिलानी, पार्षद सचिन शर्मा, मंडल अध्यक्ष तृप्ति मल्हा सहित RWA पदाधिकारी और स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।