May 2, 2024

69वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का आयोजन, द्रौपदी मुर्मू विजेताओं को देंगी पुरस्कार

Entertainment/Alive News: आज 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड 2023 का आयोजन किया गया है। 24 अगस्त 2023 को देश के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार के विजेताओं की घोषणा की गयी थी, जिसमें हिंदी और दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज कलाकार विजेताओं की सूची में शामिल हुए। बता दें कि यह पुरस्कार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने हाथो से 17 विजेताओं को देने वाली हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोपहर 1.30 बजे दिल्ली के विज्ञान भवन में सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और पदक देकर सम्मानित करेंगी।

पुरस्कार समारोह में शामिल होने के लिए सभी कलाकार कल शाम से ही दिल्ली आना शुरू हो गये थे। बेस्ट एक्टर का पुरस्कार जीतने वाले अल्लू अर्जुन, आरआरआर के निर्देशक एसएस राजामौली और संगीतकार एमएम कीरावानी सोमवार शाम को दिल्ली पहुंच गये थे। बेस्ट एक्ट्रेस का पुरस्कार अपने नाम करने वाली आलिया भट्ट पति रणबीर कपूर के साथ मंगलवार सुबह दिल्ली पहुंच चुके हैं।

इस बार विभिन्न श्रेणियों में किन कलाकारों और तकनीशियनों को पुरस्कार दिये जाएंगे, उसकी पूरी डिटेल नीचे पढ़ सकते हैं। अल्लू अर्जुन को पुष्पा के लिए बेस्ट एक्टर चुना गया है, जबकि आलिया को गंगूबाई काठियावाड़ी के लिए बेस्ट एक्ट्रेस घोषित किया गया था। आलिया यह पुरस्कार कृति सेनन के साथ शेयर करेंगी, जिन्हें मिमी में अपने किरदार के लिए बेस्ट एक्ट्रेस चुना गया।

ये सेरेमनी 1:30 बजे से DD National के यूट्यूब चैनल पर लाइव टेलीकास्ट होगी, जहां इस पूरे कार्यक्रम को लाइव देखा जा सकता है। आपको बता दें, 69वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में उन फिल्मों को सम्मानित किया जा रहा है, जो 2021 और 2022 में रिलीज हुई थीं।