Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी निवासी तोता राम साइबर ठगों का शिकार हो गए। ठगों ने खुद को उनका साउथ अफ्रीका में रहने वाला रिश्तेदार बताकर उनसे 50 हजार रुपये ठग लिए। मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पीड़ित तोता राम ने पुलिस को बताया कि 25 फरवरी को मैसेंजर पर उन्हें उनके रिश्तेदार जितेंद्र सोलंकी के नाम से मैसेज आया। बातचीत के दौरान ठग ने कहा कि वह साउथ अफ्रीका से उनके खाते में 6.15 लाख रुपये भेज रहा है और इस बारे में किसी को न बताने की बात कही। साथ ही बैंक पासबुक की कॉपी भी मांगी गई।
कुछ देर बाद एक व्यक्ति ने व्हाट्सएप कॉल कर खुद को एसबीआई बैंक का मैनेजर बताया और कहा कि डॉलर से रुपये में पैसे बदलकर खाते में आने में समय लगेगा। इसके बाद फिर फर्जी रिश्तेदार बनकर कॉल आई और बताया गया कि उसका वीजा बैन हो गया है तथा भारत लौटने के लिए 85 हजार रुपये फीस जमा करनी होगी।
ठगों ने रकम मुंबई स्थित दूतावास में बैठे बताए गए व्यक्ति के खाते में भेजने को कहा। तोता राम ने भरोसा करते हुए 20 हजार रुपये अपने खाते से और 30 हजार रुपये पत्नी के खाते से एक क्यूआर कोड पर ट्रांसफर कर दिए, जिस पर रोहतास मीणा नाम दिखाई दिया।
बाद में जब उन्होंने यह बात घरवालों को बताई तो पता चला कि असली जितेंद्र सोलंकी पिछले तीन साल से भारत में ही रह रहे हैं। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपितों की पहचान करने में जुटी है।

