June 6, 2026

सिपेट मुरथल में 440 युवाओं को मिलेगा तकनीकी प्रशिक्षण

Faridabad/Alive News: जिला कल्याण अधिकारी ममता शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, अन्त्योदय (एस.ई.डब्ल्यू.एस.), हरियाणा, पंचकूला द्वारा केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), मुरथल के साथ अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण हेतु समझौता किया गया है। उन्होंने बताया कि सिपेट मुरथल, भारत सरकार का एक अग्रणी राष्ट्रीय संस्थान है, जो प्लास्टिक इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए समर्पित है।

ममता शर्मा ने बताया कि सिपेट संस्थान द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के 440 प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों में प्रवेश देने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन लघु अवधि प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों में सहायक मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन मोल्डिंग (AMO-IM) के लिए 200 सीटें, सहायक मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग (AMO-PP) के लिए 80 सीटें, सहायक मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक एक्सट्रूजन (AMO-PE) के लिए 80 सीटें तथा सहायक मशीन ऑपरेटर ब्लो मोल्डिंग (AMO-BM) के लिए 80 सीटें निर्धारित की गई हैं। इन पाठ्यक्रमों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास तथा न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि इच्छुक युवक एवं युवतियां आवेदन के साथ 10वीं की मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, निवास प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड एवं रंगीन पासपोर्ट आकार के फोटो संलग्न कर सिपेट मुरथल, सोनीपत में आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो अभ्यर्थी पूर्व में सिपेट के किसी भी केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं, वे इस योजना के अंतर्गत आवेदन करने के पात्र नहीं होंगे। प्रवेश प्रक्रिया संस्थान के नियमों के अनुसार पूर्ण की जाएगी।

जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र ई-मेल आईडी murthal@cipet.gov.in पर भी भेज सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी मोबाइल नंबर 7678329863, 7555888612 तथा 9996538494 पर संपर्क कर सकते हैं।