Faridabad/Alive News: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की पहल पर नगर निगम फरीदाबाद में सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण हेतु 4 दिवसीय विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन हरियाणा सफाई आयोग के चेयरमैन इंजीनियर कृष्ण कुमार ने किया।
नगर निगम के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित इस शिविर में स्वास्थ्य विभाग फरीदाबाद की डॉक्टरों की टीम द्वारा प्रतिदिन करीब 600 सफाई कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है। यह शिविर 13 फरवरी तक चलेगा।
इस अवसर पर स्पेशल ऑफिसर सेनिटेशन एवं जॉइंट कमिश्नर एशवीर सिंह भी उपस्थित रहे। चेयरमैन कृष्ण कुमार ने कहा कि स्वस्थ सफाई कर्मचारी ही स्वच्छ और स्वस्थ शहर की नींव हैं।
जॉइंट कमिश्नर एशवीर सिंह ने बताया कि 15 फरवरी से स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 शुरू होगा और इसमें बेहतर प्रदर्शन के लिए सफाई कर्मचारियों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है।

