Faridabad/Alive News: साइबर थाना एनआईटी की टीम ने बर्गर किंग की फ्रेंचाइजी दिलाने के नाम पर 39 लाख रुपये की ठगी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-21 सी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि सितंबर 2022 में वह बर्गर किंग की फ्रेंचाइजी लेने के लिए गूगल पर सर्च कर रहा था। इसी दौरान उसे एक वेबसाइट मिली, जो खुद को बर्गर किंग फ्रेंचाइजी से जुड़ा बता रही थी। उसने उस साइट पर एक फॉर्म भरकर अपनी जानकारी दी। बाद में उसे एक ईमेल आया, जिसमें कुछ दस्तावेज मांगे गए थे।
इसके बाद उसे फोन पर संपर्क किया गया और फ्रैंचाइजी प्रक्रिया के नाम पर विभिन्न लेन-देन के जरिए उससे करीब 39 लाख रुपये वसूल लिए गए। जब उसे कोई दस्तावेज या फ्रेंचाइजी नहीं मिली, तो उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने शशिकांत कुमार (27), निवासी गांव पचेतन स्तवा, नालंदा (बिहार), को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि शशिकांत ठगों के लिए बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। उसने पहले गिरफ्तार आरोपी आकाश का बैंक खाता उन्हें दिया था, जिसमें ठगी के 20 लाख रुपये जमा हुए थे।
पुलिस ने शशिकांत को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है। इस मामले में आकाश सहित अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

