August 24, 2026

शेयर मार्केट के नाम पर ठगी करने वाले 3 आराेपियाें काे किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने के एक मामले में 3 आराेपियाें काे राजस्थान के जयपुर मकराना से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी जयपुर के किसी कॉल सेंटर में साथ काम कर चुके है। गिरफ्तार आरोपियाें ने ग्रेजुएशन की पढ़ाई की है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-15 निवासी एक महिला ने साइबर थाना सेंट्रल को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह सोशल मीडिया पर सर्फिंग कर रही थी, जिस पर शेयर ट्रेडिंग का विज्ञापन देख कर एक वाट्सअप ग्रुप में जुड़ गई। जिसका नाम किसी प्राइवेट बैंक के नाम पर था तथा ग्रुप की कॉर्डिनेटर व एक मेंटर ने खुद को प्राइवेट बैंक का मेंबर बताया और अपना आइडेंटिटी कार्ड भी दिखाया। जोकि वाट्सअप ग्रुप में सभी मेंबर शेयर मार्केट में पैसा लगाकर अच्छा लाभ कमा रहे थे।

शिकायतकर्ता के द्वारा ग्रुप कॉर्डिनेटर से इंक्वायरी करने के बाद उन्होंने कथित निजी बैंक का एसबीआई के साथ रजिस्ट्रेशन दिखाया तथा अपना मुख्यालय मुंबई में बताया। जिसके बाद शिकायतकर्ता ने शेयर मार्केट में निवेश करने की रुचि दिखाई तो कथित ठगो ने शिकायतकर्ता से एक ऐप डाउनलोड करवाई जिसको यह निजी बैंक का इंटरनल इंस्टीट्यूशनल अकाउंट ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म बताया। जिसके बाद शिकायकर्ता ने पहले दिन ठगो के कहने पर एक कंपनी के आईपीओ के रूप में 1.5 लाख रूपये लगाए। तथा आईपीओ लिस्टेड होने के बाद 87 हजार का लाभ कमाया। जब शिकायतकर्ता ने लाभ की रकम निकालनी चाही तो ठगो द्वारा 30 परसेंट कमीशन मांगा गया।

जो शिकायतकर्ता ने दे दिया गया जिसके बाद उसे लाभ के 85 हजार प्राप्त हो गए इसी क्रम में शिकायतकर्ता ने फिर 6 लाख रुपये आईपीओ में निवेश किए और 2 लाख रूपये 30 परसेंट कमीशन देकर निकाल लिये। फिर ठगो ने शिकायतकर्ता को कोर ग्रुप में जोड़ा गया जिसके लिए शिकायकर्ता को 30 लाख रुपये निवेश करने की शर्त रखी गई। इस पर 30 परसेंट टैक्स के रूप में जमा करने को कहा। जो कि अल्पकालिक आय पर अग्रिम टैक्स जमा करने का कोई नियम नहीं है।

इस बात पर शिकायतकर्ता को शक हुआ जब शिकायकर्ता ने अपने निवेश के पैसे निकालने चाहे तो नहीं निकाल पाई तथा इस प्रकार शिकायतकर्ता ने कुल 17,05,500 रूपये का निवेश किया जिसमें 2,85,000 रूपये की निकासी प्राप्त हुई तथा 14,20,500 की ठगी हो गई। जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में ठगी का मामला दर्ज किया गया।

साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विकाश तेतरवाल निवासी कुमाचन राजस्थान, राहुल टेलर व संजय निवासी मकराना राजस्थान के जयपुर से गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी विकास खाताधारक है जिसने अपना खाता आगे कमीशन पर बेच दिया था। आरोपियों से अधिक पूछताछ के लिए न्यायालय में पेश कर 7 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है