March 15, 2026

चोरी के दो मामलों में 3 आरोपी गिरफ्तार, 30 हजार रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल 30,300 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, वेदराम कॉलोनी निवासी ऋषि ने थाना पल्ला में शिकायत दी थी कि 30 जनवरी को वह अपने परिवार के साथ अयोध्या में एक शादी समारोह में गया हुआ था। 9 फरवरी को जब वह घर वापस लौटा तो देखा कि घर के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था और घर से नकदी व आभूषण चोरी हो चुके थे। इस शिकायत पर थाना पल्ला में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने पूर्ण सिंह निवासी ओम शांति एन्क्लेव, फरीदाबाद और संतोष निवासी सायकपुरा, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के पास से 20 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

वहीं दूसरे मामले में बड़खल निवासी आमिर खान ने थाना एसजीएम नगर में शिकायत दी थी कि 6 फरवरी को जब वह कमला नेहरू स्कूल के पास स्थित अपने ऑफिस पहुंचा तो पाया कि ऑफिस के एसी का आउटडोर यूनिट चोरी हो गया है। इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने राजीव कॉलोनी निवासी नासीर को गिरफ्तार किया। उसके पास से 10,300 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।