March 10, 2026

छात्र से मारपीट के मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की चावला कॉलोनी में एक छात्र के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस चौकी चावला कॉलोनी की टीम ने की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, चावला कॉलोनी निवासी एक युवक ने शिकायत दी थी कि 25 जनवरी को वह अपने घर पर था। उसी दौरान एक कार में 5-6 युवक आए और उसे घर से बाहर निकालकर सड़क पर ले गए। इसके बाद आरोपियों ने उस पर सुआ और डंडों से हमला कर दिया, जिससे उसे काफी चोटें आईं। शिकायत के आधार पर थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए टिंकू उर्फ लाला (21), मनोज (21) और सुरेश (19) निवासी गांव डीग, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि टिंकू उर्फ लाला की पीड़ित के साथ फोन पर कहासुनी हो गई थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने उसे सबक सिखाने की योजना बनाई। 25 जनवरी को वे कार और मोटरसाइकिल से पीड़ित के घर चावला कॉलोनी पहुंचे और उसे जबरदस्ती कार में बैठाने की कोशिश की।

इस दौरान टिंकू ने डंडे से, मनोज ने मुक्कों से और सुरेश ने लात-घूंसे मारकर युवक के साथ मारपीट की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।