March 7, 2026

शिव कॉलोनी मारपीट मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शिव कॉलोनी में हुए लड़ाई-झगड़े के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने संदीप (19), राजेश (24) और विष्णु (22), निवासी शिवाजी नगर सेक्टर-22, फरीदाबाद को काबू किया है।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 22/23 फरवरी की रात थाना मुजेसर क्षेत्र के शिव कॉलोनी में हुई थी। शिकायतकर्ता ईशांत, निवासी सेक्टर-23, ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी में गया था। वापस आने के बाद वह दोस्तों के साथ शिव कॉलोनी में रुका हुआ था। इसी दौरान उसके दोस्त मोहित और हृदय सामान लेने गए, जहां रास्ते में उनकी मोटरसाइकिल से संदीप उर्फ भोला के साथ कहासुनी हो गई।

इसके बाद संदीप अपने साथियों को लेकर शिव कॉलोनी पहुंचा और शिकायतकर्ता व उसके दोस्तों के साथ मारपीट की। इस संबंध में थाना मुजेसर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पूछताछ में सामने आया कि मोटरसाइकिल से कट मारने को लेकर हुए विवाद के कारण यह झगड़ा हुआ था। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।