Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 3 देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 15 मार्च 2026 को क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मुस्तकिम उर्फ मऊ निवासी रूबड़ मोहल्ला, गांव धौज, फरीदाबाद को पाली क्षेत्र से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया। इसी प्रकार अपराध शाखा सेक्टर-48 की टीम ने जुबैर निवासी आशियाना फ्लैट, सेक्टर-56, फरीदाबाद को राजा नाहर सिंह स्टेडियम, एनआईटी-2 फरीदाबाद के पास से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया।
वहीं क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने आरोपी बिजेंद्र निवासी गांव दिदोनी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश), हाल गिरदावर एन्क्लेव पार्ट-2, धीरज नगर, फरीदाबाद को गिरदावर एन्क्लेव गंदा नाला पुलिया के पास से एक देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया।
आरोपियों के विरुद्ध संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए हैं। सभी आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

