Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के अगवानपुर निवासी एक व्यक्ति के साथ साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने बताया कि 8 सितंबर को उसके व्हाट्सएप पर “कार चालान” से जुड़ा एक मैसेज आया। मैसेज में एक APK फाइल थी। जैसे ही उसने उस फाइल को खोला, उसके बैंक खाते से 3,74,500 रुपये कट गए।
शिकायत मिलने पर साइबर थाना सेंट्रल फरीदाबाद ने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने दिल्ली के पीरगढी कैंप, दरगाह के पास रहने वाले 20 वर्षीय अंकित कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि आरोपी अंकित कुमार उस खाते का धारक है जिसमें ठगी की रकम में से 1,99,000 रुपये आए थे। उसने यह खाता ठगों को इस्तेमाल के लिए दे रखा था। आरोपी बी.ए. की पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।

