March 20, 2026

फरीदाबाद में कुट्टू का आटा खाने से 25 लोग बीमार, नवरात्र पर बना था पकौड़ा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डबुआ कॉलोनी, सेक्टर-50 में नवरात्रि के पहले दिन फूड पॉयजनिंग का बड़ा मामला सामने आया है। यहां कुट्टू का आटा खाने से 25 से ज्यादा लोग बीमार हो गए। सभी को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, कॉलोनी के 8 से 10 परिवारों ने व्रत खोलने के लिए एक ही दुकान से कुट्टू का आटा खरीदा था। रात में सभी ने उसी आटे से पकौड़े बनाए और खाए। खाना खाने के बाद सभी लोग सो गए।

देर रात अचानक लोगों की तबीयत खराब होने लगी। किसी को उल्टी-दस्त शुरू हो गए, तो किसी को तेज पेट दर्द और बुखार की शिकायत हुई। कई लोगों को ठंड लगना, सिर दर्द और शरीर में दर्द भी हुआ।

हालत बिगड़ने पर सभी बीमार लोगों को तुरंत तान्या नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टर सेवाराम रतन ने बताया कि रात करीब 12:30 बजे से मरीज आना शुरू हो गए थे। करीब 25 लोग एक जैसी शिकायतों के साथ अस्पताल पहुंचे। कुछ मरीजों की हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें बड़े अस्पताल में रेफर किया गया।

डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों ने एक ही जगह से कुट्टू का आटा खरीदकर खाने की बात कही है, जिससे फूड पॉयजनिंग की वजह वही आटा माना जा रहा है।

घटना के बाद इलाके में डर का माहौल है और लोग प्रशासन से जांच की मांग कर रहे हैं। वहीं, डबुआ थाना पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।