Faridabad/Alive News: साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने ट्रेडिंग के नाम पर 25.67 लाख रुपये की ठगी के मामले में खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस्माइलपुर फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि फेसबुक पर सर्फिंग करते समय उसने ट्रेडिंग का एक विज्ञापन देखा। जिस पर क्लिक करते ही वह एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गया। जहां से एक लिंक के जरिए ठगों ने उसे ब्लिंकX नाम की एप इंस्टॉल करवा कर उसका अकाउंट खोला। जिसके बाद उसने शेयर मार्केट में निवेश करने के लिए विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 25,67,000 रुपये ठगों के बताए गये अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए और जब उसने निवेश किए पैसे निकालने चाहे तो कोई पैसा नहीं निकाल पाया। जिस संबंध में साइबर थाना सेंट्रल में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राजवीर सिंह निवासी सरस्वतीपुरम निकट मीरा पार्क रायबरेली रोड, लखनऊ उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि राजवीर (41) ने अपने साथी आकाश का खाता लेकर आगे ठगों को दिया था। जिसके खाता में ठगी के 2 लाख रुपये आये थे। आरोपी राजवीर को माननीय अदालत में पेश कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। मामले में छह आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका है।

