March 7, 2026

फरीदाबाद में 22 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या, कमरे में फंदे से लटका मिला शव

Faridabad/Alive News: ओल्ड फरीदाबाद स्थित संत नगर कॉलोनी में सोमवार देर शाम एक 22 वर्षीय युवती ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है।

जानकारी के अनुसार, मृतका शिवानी अपने पिता के साथ संत नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहती थी। परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला बताया गया है।

शिवानी एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। वह रोज सुबह करीब 9 बजे काम पर जाती थी और शाम लगभग 6 बजे घर लौटती थी। उसके पिता भी एक निजी कंपनी में काम करते हैं और सुबह करीब 6:30 बजे घर से निकल जाते हैं।

उसी मकान में रहने वाले पड़ोसी विजय ने बताया कि शाम करीब 6 बजे गली में किसी व्यक्ति का फोन आया, जिसमें शिवानी के फांसी लगाने की सूचना दी गई। जब वह घर पहुंचे तो पुलिस मौके पर मौजूद थी और कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश कर रही थी।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद दरवाजा तोड़ा गया तो शिवानी पंखे से चुन्नी के सहारे फंदे पर लटकी हुई मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर अस्पताल भिजवाया।