March 10, 2026

जींद में महिला डॉक्टर से 20 लाख की फिरौती मांग, जान से मारने की धमकी

Jind/Alive News: हरियाणा के जींद में महिला डॉक्टर से फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने डॉक्टर के मोबाइल पर कॉल कर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी और साथ में गोली  से मारने की धमकी भी दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जींद में सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में मुस्कान अस्पताल की संचालिका डॉ. मोनिका पूनिया ने बताया कि सेक्टर सात-आठ के डिवाइडिंग रोड पर सिविल लाइन थाना के सामने ही उनका अस्पताल है।

सिविल अस्पताल में डॉक्टर की नौकरी के बाद उन्होंने अपना खुद का अस्पताल खोला हुआ था। सात अगस्त को सुबह 11 बजकर 28 मिनट से लेकर 11 बजकर 55 मिनट के बीच उनके पास अज्ञात नंबर से कॉल आई। उन्होंने उठाया तो सामने वाले ने धमकी देते हुए कहा कि 20 लाख रुपए का इंतजाम कर लो, नहीं तो गोली मार दूंगा।

इससे डॉ. मोनिका पूनिया घबरा गई और उन्होंने अपने पति को घटना के बारे में बताया। इसके बाद परिवार के लोग एसपी कुलदीप सिंह से मिले और मामले की शिकायत दी। सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।