Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने मौके से देसी, अंग्रेजी शराब और बीयर की कुल 48 पेटियां बरामद की हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (अपराध) मुकेश कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 16 अक्तूबर को क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने कपिल (30) और जयपाल (55), दोनों निवासी गांव अनंगपुर, फरीदाबाद को सुरजकुंड गोलचक्कर के पास से पकड़ा।
तलाशी लेने पर आरोपियों की आई-10 कार से 35 पेटी देसी शराब, 8 पेटी अंग्रेजी शराब और 5 पेटी बीयर बरामद की गई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी यह अवैध शराब दिल्ली ले जा रहे थे।
पुलिस ने शराब और वाहन को जब्त कर दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

