Faridabad/Alive News : साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने एक ठगी के मामले में नोएडा सेक्टर 2 स्थित फर्जी कॉल सेंटर में काम करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तिलपत निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सैंट्रल में दी अपनी शिकायत में आरोप लगाया। कि 18 अगस्त को उसके पास एक कॉल आया, जिसने अपने आपको एसबीआई बैंक का कर्मचारी बताया तथा क्रेडिट कार्ड पर लगने वाले वार्षिक चार्ज को हटाने के लिये आपके योनो कार्ड.कॉम नामक वेबसाइट से एक एप डाउनलोड करने के लिए कहा और एप पर शिकायतकर्ता से उसके क्रेडिट कार्ड डिटेल्स भरवाई, डिटेल भरने के बाद शिकायतकर्ता के क्रेडिट कार्ड से 34 हजार 976 रुपये कट गए। जिस संबंध मे साइबर थाना सैंट्रल में ठगी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने आगे बताया कि साइबर थाना सैंट्रल की पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आशीष कुमार (उम्र28) निवासी दखिन टोला, सिवान बिहार हाल उत्तमनगर नवादा दिल्ली, आकिब खान (उम्र24) निवासी गांव सहार जिला आरा बिहार हाल गड्डा कॉलोनी जैतपुर दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि आकिब की मुलाकात आशीष व मुज्जर हुसैन कॉल सेंटर संचालक मालिक से वर्ष 2023 में नीमका जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद मुज्जर हुसैन के साथ फिर से ठगी का काम करने लगे। आशीष कॉलिंग के लिए डाटा उपलब्ध करवाता था और आकिब ठगी के पैसे से ऑर्डर किये गये सामान को बेचने का काम करता था। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर जेल भेजा गया।

