September 26, 2026

17 वर्षीय लड़की को क्राइम ब्रांच कैट ने दिल्ली से सकुशल बरामद किया

Faridabad/Alive News: दो सप्ताह से लापता 17 वर्षीय युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। लड़की के परिजनों व्दारा बताया गया कि वह 23 जनवरी से ही लापता थी। उन्होंने लड़की की सहेलियों और अपने रिश्तेदारों के यहां संपर्क करके पता किया परंतु वह वहां पर भी नहीं मिली इसलिए वह मदद के लिए पुलिस के पास आए हैं।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि 24 जनवरी को फरीदाबाद के सूरजकुंड थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। परिजनों की शिकायत के आधार पर थाने में मुकदमा दर्ज करके लड़की की तलाश के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया और क्राइम ब्रांच कैट को लड़की की सूचना दी गई।

क्राइम ब्रांच कैट टीम ने तकनीकी सहायता के आधार पर लड़की के दिल्ली में स्थित दल्लूपुरा गांव में होने का पता लगाया और सूत्रों की सूचना के आधार पर लड़की को सकुशल बरामद कर लिया। लड़की को उसके परिजनों के साथ बैठाकर बातचीत करवाई गई जिसमें सामने आया कि लड़की परिजनों से किसी बात से नाराज होकर घर से चली गई थी।

पुलिस टीम द्वारा लड़की को समझा बुझाकर वापिस उसके घर भेजने के लिए मनाया गया। लड़की के लीगल एड के बयान करवाए जा रहे हैं और बयान के पश्चात लड़की को सकुशल उसके परिजनों के हवाले किया जाएगा।