Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-3 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दर्ज कराई कि उसे व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला, जिसमें घर बैठे पैसे कमाने का लालच दिया गया था।
ठगों ने उसे बताया कि गूगल मैप पर रिव्यू देकर और उसका स्क्रीनशॉट भेजने पर 50 रुपये मिलेंगे। शुरुआत में भरोसा जमाने के बाद उन्होंने “प्रीपेड टास्क” करने को कहा। ठगों के झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग टास्क के लिए 10,85,000 रुपये भेज दिए। बाद में जब उसने अपने पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने टैक्स के नाम पर 2,93,278 रुपये और मांगे, जो उसने भेज दिए। इसके बावजूद उसे कोई रकम वापस नहीं मिली। कुल मिलाकर शिकायतकर्ता के साथ 13,78,278 रुपये की ठगी हुई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनिश कुमार, निवासी उदयपुर (राजस्थान), हाल निवासी अहमदाबाद (गुजरात) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अहमदाबाद में एक कपड़ों की दुकान पर काम करता है और उसने अपना बैंक खाता ठगों को दे रखा था। उसके खाते में ठगी के 55 हजार रुपये आए थे। आरोपी को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

