August 17, 2026

फरीदाबाद में 11 हफ्तों का स्वच्छता महाअभियान, हर वार्ड को बनाना है साफ-सुथरा और हरित – उपायुक्त

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के निर्देश पर फरीदाबाद में 11 सप्ताह का हरियाणा शहर स्वच्छता महाअभियान शुरू हो गया है। उपायुक्त विक्रम सिंह और नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने शुक्रवार को नोडल अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त विक्रम सिंह ने कहा कि इस अभियान में जो वार्ड स्वच्छता में अच्छा प्रदर्शन करेंगे, उन्हें प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के आधार पर सम्मानित किया जाएगा। साप्ताहिक समीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने वाले वार्डों की भी प्रशंसा होगी। उन्होंने अपील की कि फरीदाबाद को साफ-सुथरा और हरित बनाने में हर नागरिक अपनी भागीदारी निभाए।

उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि आरडब्ल्यूए, वार्ड पार्षद और उद्योगों के साथ बैठक करें, वार्डों का निरीक्षण कर समस्याओं को नोट करें और जल्द समाधान करवाएं। हर सप्ताह कम से कम 2 किलोमीटर क्षेत्र की सफाई का लक्ष्य पूरा करने पर जोर दिया गया। साथ ही, जीवी प्वाइंट हटाने, नहर पुलों की सफाई, डंपिंग प्वाइंट्स को व्यवस्थित करने और जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि अधिकारी स्वच्छता अभियान को पूरी मेहनत और लगन से सफल बनाएं। अभियान के तहत अतिक्रमण हटाना, शौचालय व सड़कों की मरम्मत, पौधारोपण, पार्कों की सफाई, स्ट्रीट लाइट मरम्मत, मार्केट की सफाई और दीवार पेंटिंग जैसे कार्य किए जाएंगे।

बैठक में एडीसी सतबीर मान, एचएसवीपी प्रशासक अनुपमा अंजलि, नगर निगम एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा सहित एसडीएम, संयुक्त आयुक्त और सभी वार्डों के नोडल अधिकारी मौजूद रहे।