Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना एनआईटी टीम ने ऑनलाइन ठगी के एक मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये ठगी टेलीग्राम पर “पेड टास्क” के नाम पर की गई थी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल (निवासी नवलगढ़, सीकर, राजस्थान, हाल निवासी पानीपत) और अजीत कुमार (निवासी गोंडा, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी पानीपत) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, एनआईटी फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने 15 मार्च 2026 को शिकायत दी थी। उसने बताया कि 15 जनवरी को उसे एक लिंक भेजा गया, जिस पर फॉर्म भरवाया गया। इसके बाद उसे “पेड टास्क” दिए गए और पैसे जल्दी दोगुने करने का लालच दिया गया।
शिकायतकर्ता ने झांसे में आकर अलग-अलग खातों में कुल 1,90,000 रुपये ट्रांसफर कर दिए, लेकिन उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला। इसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि दोनों आपस में दोस्त हैं। अजीत कुमार ने निखिल का बैंक खाता खुलवाकर ठगों को दिया था, जिसमें ठगी की करीब 1 लाख रुपये की रकम आई थी।
दोनों आरोपी 12वीं पास हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और आगे की जांच जारी है।

