May 21, 2024

हाहाकार: गंगाराम में 24 घंटे में 25 की मौत, अब पहुंचा ऑक्सीजन का एक टैंकर, कई अस्पताल बेहाल

New Delhi/Alive News: देशभर में कोरोना से स्थिति भयावह होती जा रही है। ऑक्सीजन को लेकर हाहाकार मचा है। मरीजों को ऑक्सीजन नहीं मिल रही है, जिससे उनकी जान जा रही है। ऑक्सीजन का संकट सबसे ज्यादा देश की राजधानी दिल्ली में है। दिल्ली के बड़े अस्पताल में ऑक्सीजन नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी हो रही है।

पेंटामेड अस्पताल में ऑक्सीजन स्टॉक खत्म
दिल्ली के पेंटामेड अस्पताल में ऑक्सीजन स्टॉक खत्म हो गया है। यहां 50 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। अस्पताल ने सभी मरीजों के परिजनों को ऑक्सीजन लाने को कहा है।

सर गंगाराम अस्पताल ने कहा- यह कहना गलत कि ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत
पहले सर गंगाराम की तरफ से यह कहा गया था कि 25 मौतों में से कुछ ऑक्सीजन के लो प्रेशर और बेड न मिलने से हुई लेकिन अब अस्पताल ने यूटर्न ले लिया है। अब अस्पताल के चेयरमैन ने बताया कि यह गलत खबर है कि कोरोना से जितने भी मरीजों की मृत्यु हुई है वे सब ऑक्सीजन की कमी से हुई। यह पूरी तरह से गलत है, ऐसा नहीं हुआ है। हमारे आईसीयू में पहले ऑक्सीजन दबाव कम हो गया था। उस दौरान हम लोगों ने मैनुअल तरह से ऑक्सीजन दी थी। 

मैक्स का एलान- किसी अस्पताल में नहीं होगी नई भर्ती
ऑक्सीजन की कमी झेल रहे मैक्स के तमाम अस्पतालों ने दिल्ली-एनसीआर की अपनी किसी भी शाखा में नए मरीज भर्ती करने पर रोक लगा दी है। 

अर्डेंट गणपति अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म, डिस्चार्ज कर रहे मरीज
मुंडका के अर्डेंट गणपति अस्पताल के मेडिकल डायरेक्टर ने बताया कि उनके अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो गई है। इसी वजह से वह यहां भर्ती सभी मरीजों को सरकारी अस्पताल में भेज रहे हैं।

गंगाराम में 24 घंटे में 25 मरीजों की मौत, एक टैंकर पहुंचा
जानकारी के मुताबिक दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल ने कहा कि ऑक्सीजन के लो प्रेशर की वजह से अस्पताल में पिछले 24 घंटे में 25 मरीजों की मौत हो गई है। कई मरीजों को हाई प्रेशर की जरूरत थी लेकिन ऑक्सीजन प्रेशर कम होने से कुछ की मौत हुई तो कुछ की बेड न मिलने से। हालांकि खबर है कि सुबह 9.30 बजे के बाद यहांं एक ऑक्सीजन का टैंकर पहुंचा है, जिसमें 2000 क्यूबिक मीटर ऑक्सीजन है।

उन्होंने बताया कि गंभीर रूप से बीमार अन्य 60 मरीजों की जान भी खतरे में हैं और गंभीर संकट की आशंका है। ऑक्सीजन की तत्काल आवश्यकता है। चिकित्सा निदेशक ने बताया कि अस्पताल के आईसीयू और आपात-चिकित्सा विभाग में गैर-मशीनी तरीके से वेंटिलेशन बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
 
फोर्टिस फरीदाबाद में केवल एक घंटे का ऑक्सीजन स्टॉक शेष
फरीदाबाद स्थित फोर्टिस अस्पताल में सिर्फ एक घंटे का ऑक्सीजन बचा है। अस्पताल प्रबंधन से बात करने पर पता चला कि रेवाड़ी से ऑक्सीजन सप्लाई सुनिश्चित की जा रही थी, किन्हीं कारणों से कल से अब तक ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित है। देर रात से आईसीयू और ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती मरीजों को लेकर अस्पताल प्रबंधन चिंता में है।

मैक्स स्मार्ट अस्पताल और मैक्स अस्पताल साकेत में को मिला एक एक-एक मिट्रीक टन ऑक्सीजन
मैक्स स्मार्ट अस्पताल और मैक्स अस्पताल साकेत में एक घंटे से भी कम ऑक्सीजन का स्टॉक बचा था। दिल्ली सरकार ने मैक्स स्मार्ट अस्पताल साकेत और मैक्स अस्पताल साकेत को एक-एक मिट्रीक टन ऑक्सीजन उपलब्ध कराई है। दोनों अस्पतालों में मिलाकर 700 मरीज हैं जिसमें से 550 कोविड के मरीज हैं। रात 1.00 बजे से इनॉक्स से ताजा आपूर्ति का इंतजार किया जा रहा है। हालांकि जानकारी मिली है कि मैक्स अस्पताल में अगले 3 से 5 घंटे के लिए ऑक्सीजन पहुंच गई है।