April 30, 2024

पेरिस में सीरियल आतंकी हमले, 120 लोगों की मौत, आपातकाल घोषित

पेरिस : फ़्रांस की राजधानी पेरिस में जबरदस्त सीरियल आतंकी हमले हुए हैं। इसमें 120 लोगों की मौत की खबर आ रही है। इस आंकड़े के ओर बढ़ने के आसार हैं। बीबीसी के मुताबिक, कम से कम 7 जगहों पर हमले हुए हैं। असोसिएटेड प्रेस के मुताबिक, हमले में शामिल सभी आतंकवादी मारे जा चुके हैं। आंतकवादियों ने बैटाकलां कंसर्ट हॉल और नेशनल स्टेडियम को निशाना बनाया। कंसर्ट हॉल में 118 लोगों को बंधक बनाया गया था। इस हमले में एक शख्स गिरफ्तार किया गया है जिसने कहा है कि ये धमाके ISIS के मिशन के तहत किए गए हैं।

दूसरे विश्वयुद्ध के बाद से फ्रांस में हुई यह अब तक की सबसे घातक हिंसात्मक घटना है। मारे गए लोगों में कोई भी भारतीय शामिल नहीं है। फ्रांस में भारत के दूतावास के नंबर यह हैं – 0140507070 और 0033140507070 । आप अपनों की खैर-खबर के लिए इस नबंर पर कॉल कर सकते हैं।

पेरिस में इन 7 जगहों पर हुए हैं हमले :
बैटाकलां थिएटर : यहां लोगों को बंधक बनाकर मारा।
ला कैरिलॉन : यहां आतंकियों ने गोलीबारी की।
पेटाइट कंबोज रेस्त्रां : यहां पर भी आतंकवादियों ने गोलीबारी की।
ला बेला इक्वाइप : इस स्थान पर भी गोलीबारी करके लोगों को मारा गया।
पेरिस नेशनल स्टेडियम : यहां आत्मघाती हमले की खबर है।
लेस हेल्स : यहां पर भी गोलीबारी के जरिए हमले की खबर है।
रु डी चेरौन : इस स्थान पर भी गोलीबारी की खबर है।

शार्ली हेब्दो से महज 200 मीटर दूरी पर है यह कंसर्ट हॉल..
स्थानीय खबरों के मुताबिक, 100 से अधिक लोग बैटाकलां कंसर्ट हॉल जोकि सेंट्रल पेरिस के कंसर्ट हॉल में मारे गए। यह हॉल शार्ली हेब्दो के पूर्व ऑफिसेस से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। याद दिला दें कि शार्ली हेब्दो के इन ऑफिसेस पर जनवरी में जिहादियों ने हमला किया था।

चश्मदीदों का कहना है कि 2 से 3 लोग अंदर आए और उन्होंने बम के गोले फेंकने शुरु कर दिए। हालांकि कुछ लोगों को एक-एक करके गोली भी मारी गई।

भाषा के मुताबिक, इस हॉल में एक अमेरिकी रॉक बैंड को प्रस्तुति देनी थी। कई लोगों को यहां बंदी बना लिया गया और हमलावरों ने इन बंधकों की ओर विस्फोटक उछाल दिए। इमारत पर धावा बोलकर पुलिस ने तीन हमलावरों को मार गिराया।

नेशनल स्टेडियम में फ़्रांसीसी राष्ट्रपति भी मौजूद थे…
नेशनल स्टेडियम के बाहर तीन आत्मघाती हमले हुए और जिस दौरान ये हमले हुए उस दौरान फ़्रांसीसी राष्ट्रपति भी स्टेडियम के अंदर मौजूद थे। नेशनल स्टेडियम के ही पास के इलाकों में 40 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस स्टेडियम में हमले के वक्त फ्रांस और जर्मनी के बीच फुटबॉल मैच हो रहा था।

अलायंस पुलिस नेशनल के अधिकारी ग्रेगरी गौपिल ने कहा कि दो प्रवेश द्वारों और मैक्डॉनल्ड्स के निकट एक साथ विस्फोट हुए। स्टेडियम ग्रेगरी के इलाके में आता है। स्टेडियम में कल रात मौजूद असोसिएटेड प्रेस के एक रिपोर्टर ने दो विस्फोटों की आवाज सुनी। यह आवाज इतनी जोरदार थी कि वहां टीमों की हौसला अफजाई कर रहे दर्शकों के भारी शोरगुल बावजूद भी यह कानों को भेद गई।

फ्रांस में आपातकाल घोषित, सीमाएं सील
हालांकि सुरक्षा बलों की ओर से राष्ट्रपति को सुरक्षित निकाल लिया गया। इन हमलों के बाद देश में आपातकाल लगा दिया गया है और फ़्रांस की सीमा को सील कर दिया गया है। साथ ही लोगों को घरों से ना निकलने की भी हिदायत दी गई है। दूसरे विश्वयुद्ध के बाद यह पहली बार है कि फ्रांस में आपातकाल घोषित किया है।

एक शख्स गिरफ्तार, उसने कहा- ISIS में भर्ती के लिए आया था…
इन हमलों में एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने कहा है कि ये बम धमाके ISIS का मिशन हैं और वह सीरिया से है। इस शख्स के साथ दो और लोग थे। वह यहां भर्ती होने के लिए आया था।

हालांकि अभी यह तस्वीर भी साफ नहीं है कि इन हमलों में कुल कितने हमलावर शामिल थे और क्या कोई हमलावर भाग भी गया है? जिहादियों ने ट्विटर पर हमले की तत्काल सराहना की और इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों के खिलाफ फ्रांस के सैन्य अभियानों की आलोचना की।

राष्ट्रपति ओलांद ने कहा, हम जानते हैं यह किसने किया है…
राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांदने कहा है कि फ्रांस आतंकवाद के खिलाफ दृढ़ता के साथ खड़ा रहेगा। ओलांद ने अपना तुर्की का दौरा रद्द कर दिया है। वह वहां जी-20 समिट में भाग लेने जाने वाले थे। ओलांद ने कहा, ‘यह एक कड़ी परीक्षा है, जिसने एक बार फिर हम पर हमला बोला है।’ उन्होंने कहा, ‘हम जानते हैं कि यह किसने किया है, अपराधी कौन हैं और ये आतंकी कौनहैं?’

पीएम मोदी ने की हमले की निंदा…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हमले की ट्वीट के जरिए निंदा की है। उन्होंने कहा कि पेरिस से आ रही खबर भयावह और पीडा़दायक है। दुख की इस घड़ी में हम फ्रांस के साथ हैं।

दहशत में हैं लोग..
एजेंसी भाषा के मुताबिक, मात्र 10 माह पहले हुए शार्ली एब्दो हमले के कारण शहर में भय का माहौल था और अब हुए इन हमलों के कारण लोगों में भय और बढ गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि कॉन्सर्ट हॉल में हुई मौतों के अलावा पेरिस के 10वें प्रांत के एक रेस्तरां में 11 लोग मारे गए। अन्य अधिकारियों ने कहा कि एक स्टेडियम के बाहर बम फटने के कारण कम से कम तीन लोग मारे गए। सभी अधिकारियों ने यह जानकारी उनका नाम उजागर न करने की शर्त पर दी क्योंकि ये लोग तेजी से हो रही जांच के दौरान सार्वजनिक रूप से बयान दिए जाने के लिए अधिकृत नहीं हैं।