May 6, 2024

नगर निगम की आयुक्त सोनल गोयल के निर्देश पर हटाए गए अवैध होर्डिगों का ढ़ेर

Faridabad/Alive News : फरीदाबाद नगर निगम की आयुक्त सोनल गोयल ने सभी संयुक्त आयुक्तों को चुनाव आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने के लिये किसी भी प्रकार के अवैध होर्डिंग आदि न लगने देने के निर्देश दिये हैं। इन निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि होर्डिंग लगाने की अनुमति देते समय सम्बन्धित नियमों, सरकार के दिशा-निर्देशों और माननीय पंजाब व हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेशों का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जाए।

निग्मायुक्त ने अपने इन आदेशों में अवैध होर्डिंगों पर विशेष निगरानी रखते हुए इन्हें तुरंत हटाने के भी निर्देश दिये हैं। निग्मायुक्त ने सभी सम्बन्धित व चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों से भी अपील की है कि वे आवश्यक अनुमति प्राप्त करके ही उचित स्थान पर होर्डिंग आदि लगायें क्योंकि व्यस्तम चैराहों व सडक़ों पर होर्डिंग लगाने से न केवल शहर की सुन्दरता खराब होती है, बल्कि भंयकर दुर्घटनाओं का भी खतरा बना रहता है।

निग्मायुक्त के दिशा-निर्देशों के बाद निगम के तोड़-फोड़ दस्ते ने निगम क्षेत्र में अवैध रूप से लगे हुए/लगाये जा रहे होर्डिंग व बैनरों के खिलाफ जबरदस्त अभियान छेड़ दिया है। निगम प्रवक्ता के अनुसार हर रोज़ 2-3 ट्रक अवैध होर्डिंगों को दीवारों/खम्बों से हटाया जा रहा है और यह अभियान निरन्तर जारी रहेगा।