May 11, 2024

दुबई से आ रहा विमान रूस में दुर्घटनाग्रस्त, 61 की मौत

मॉस्को : दक्षिणी रूस के रोस्तोव ओन दोन में आज तड़के दुबई से आ रहा एक विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद जल गया। एक स्थानीय अधिकारी के मुताबिक विमान में सवार 55 यात्रियों और 6 क्रू मेंबर समेत सभी 61 लोगों की मौत हो गई। स्थानीय आपातकाल मंत्रालय की प्रवक्ता मरीना कोस्तिओकोवा ने कहा, ‘दुबई से आ रहे विमान में 55 यात्री और चालक दल के 6 सदस्य थे।

विमान रोस्तोव ओन दोव हवाईअड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मंत्रालय की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार दुर्घटना अंतरराष्ट्रीय समयानुसार शुक्रवार देर रात 12 बजकर 50 मिनट पर हुई।

बयान में कहा गया है, ‘दुबई से रोस्तोव ओन दोन आ रहे बोइंग 737 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद उसमें आग लग गई।’’ इसमें बताया गया है कि आग पर अंतरराष्ट्रीय समयानुसार देर रात दो बजे काबू पाया गया। विमान दुबई की एक विमाननन कंपनी का था।

एयरलाइन्स ने अपने फेसबुक पेज पर लिखा है कि उसे घटना की जानकारी है। उसने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। फ्लाई दुबई सस्ते में हवाई सेवा देने वाली एयरलाइन्स है। इसे साल 2009 में शुरू किया गया। यह एयरलाइन्स दुबई में स्थित है और 90 ठिकानों के लिए हवाई सेवाएं देती है।