May 4, 2024

कचरा घर में फिर से लगी आग,12 दमकल गाड़ियां बुझाने में जुटीं

Alive News/ Mumbai,21 March: शहर के पूर्वी उपनगरीय इलाके देवनार स्थित कूड़ाघर में लगी आग पर अभी तक काबू नही पाया जा सका है। नगर निगम के अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं।

वृहन्न मुंबई नगर निगम के आपदा नियंत्रण इकाई के अधिकारियों ने बताया कि तब से दमकल वाहन उसे बुझाने में लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर 12 दमकल वाहन और 10 जल टैंकर लगे हुए हैं। उन्होंने बताया कि रात साढ़े आठ बजे आग और भीषण हो गयी थी।

damkal
आग की वजह से आस पास के इलाकों में धुआं भर गया है और लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। जनवरी में भी इस ग्राउंड में आग लग गई थी जिस पर काबू पाने में पांच दिन का समय लग गया था। उसके बाद से ही इस डंपिंग ग्राउंड को यहां से हटाने की मांग जारी है।
केंद्रीय मुंबई के शिवाजी नगर और देवनार के सरकारी स्कूल काफी ज्यादा धुंध के चलते बंद कर दिए थे। विशेषज्ञों ने वेस्ट मैनेजमेंट पॉलिसी न होना इस आग का कारण बताया।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 2 फरवरी को कहा था कि वे देवनार डंपिंग ग्राउंड में बार बार आग लगने की घटनाओं पर काबू पाने के लिए कदम उठाएंगे। लेकिन लोगों का कहना है कि सरकार की ओर से आश्वासन मिल जाता है पर कदम नहीं उठाया जाता।।