July 11, 2026

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 81 लाख की ठगी, दूसरी लेयर का खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर 81 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश, निवासी दौसा (राजस्थान) के रूप में हुई है। उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस मामले में अब तक 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया कि आरोपी दूसरी लेयर का खाताधारक था। उसने अपना बैंक खाता साइबर ठगों को इस्तेमाल करने के लिए दिया था। उसके खाते में ठगी की 7.20 लाख रुपये की रकम ट्रांसफर हुई थी।

जांच में यह भी पता चला कि ठगी की रकम पहले 30 लाख रुपये और 51 लाख रुपये के दो अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी। इनमें से 51 लाख रुपये वाले खाते से 7.20 लाख रुपये आरोपी राजेश के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

पुलिस ने बताया कि 21 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-7डी निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक, 14 से 18 अक्टूबर 2025 के बीच उसे खुद को डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन (DoT), डीसीपी बेंगलुरु और सीबीआई मुंबई का अधिकारी बताने वाले लोगों ने वीडियो और ऑडियो कॉल की। आरोपियों ने उसे “डिजिटल अरेस्ट” का डर दिखाया और कहा कि उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग और ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे मामलों में आया है। केस से नाम हटाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग बैंक खातों में 81 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

शिकायत मिलने पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में धोखाधड़ी और उगाही (एक्सटॉर्शन) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच जारी है।