August 26, 2026

युवती की हत्या कर शव आगरा नहर में फेंकने का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद युवती हत्या मामले में आरोपी की गिरफ्तारी

Faridabad/Alive News: संजय कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय युवती निशा के लापता होने के मामले में क्राइम ब्रांच DLF ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर युवती की हत्या कर शव आगरा कैनाल में फेंकने का आरोप है। आरोपी की पहचान हरिओम निवासी थंथारी, पलवल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 25 अगस्त को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 8 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, निशा 1 अगस्त को ऑफिस की मीटिंग के सिलसिले में कोलकाता जाने की बात कहकर घर से निकली थी। उसने परिवार को फोन कर अगली सुबह तक वापस आने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटी। उसका मोबाइल भी बंद हो गया। परिजनों ने हरिओम पर उसे बहला-फुसलाकर ले जाने का शक जताते हुए थाना मुजेसर में शिकायत दी थी।

जांच में सामने आया कि हरिओम की निशा से वर्ष 2022 में जान-पहचान हुई थी। बाद में उसने निशा की शादी अपने भाई से करवा दी थी। शादी के कुछ समय बाद निशा और उसके पति के बीच विवाद रहने लगा, जिसके चलते वह अपने मायके लौट आई।

पुलिस के अनुसार, इसके बाद हरिओम ने निशा को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इस संबंध में निशा ने वृंदावन, मथुरा में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने हरिओम को गिरफ्तार कर वर्ष 2024 में जेल भेजा था। वह जनवरी 2025 में जमानत पर बाहर आया था।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जेल से बाहर आने के बाद दोनों के बीच दोबारा नजदीकियां बढ़ गई थीं। निशा हरिओम पर शादी करने का दबाव बना रही थी। पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त को हरिओम उसे अपने साथ हरिद्वार ले गया। 4 अगस्त को दोनों फरीदाबाद लौटे और उसी रात डीग पुल के पास हरिओम ने अपने साथी के साथ मिलकर निशा की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी।

पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद शव को आगरा कैनाल में फेंक दिया गया। मामले में हत्या की धारा जोड़ दी गई है और पुलिस नहर में युवती के शव की तलाश कर रही है। साथ ही, पुलिस आरोपी के साथी की भूमिका और हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।