March 28, 2024

सिक्योरिटी में सेंध, युद्ध स्मारक का म्यूजियम साफ कर गए चोर

Faridabad/Alive News : सेक्टर-12 टाउन पार्क स्थित युद्ध स्मारक के म्यूजियम की सुरक्षा में सेंध लगाकर चोर म्यूजियम में रखे भारत-पाक युद्ध में इस्तेमाल किए गए लड़ाकू टैंक, हेलिकॉप्टर की डमी, चार विजयी स्मृति चिन्ह, जल-थल-वायु सेना और राष्ट्रीय ध्वज चोरी कर ले गए। चोरी की यह घटना 11 नवंबर रात की है। म्यूजियम की सुरक्षा की जिम्मा संभाले एजेंसी के गार्ड चोरी की इस बड़ी घटना को छिपाए बैठे थे। एक निजी स्कूल के प्रोग्राम के लिए जब जिला सैनिक बोर्ड से अधिकारियों का दल म्यूजियम पहुंचा, तब इसका खुलासा हुआ। 24 नवंबर को थाना सेंट्रल पुलिस को चोरी की शिकायत दी गई थी। पुलिस ने एक सप्ताह बाद गुरुवार रात केस दर्ज किया। सैन्य बोर्ड के बड़े अधिकारियों को इस घटना की चिट्ठी लिखी गई है।

ये है मामला : जिला सैनिक बोर्ड ने सेक्टर-12 टाउन पार्क में युद्ध स्मारक बनाया है। इस युद्ध स्मारक में ही जल-थल-वायु सेना से संबंधित पुरानी यादों को एक म्यूजियम में सहेजा हुआ है। जिला सैनिक बोर्ड ने इसकी सुरक्षा की जिम्मेदारी हुडा प्रशासन को सौंप रखी है। हुडा प्रशासन ने इसकी सुरक्षा का ठेका सेक्टर-10 में मार्शल सिक्योरिटी कंपनी को सौंपा है। सिक्योरिटी कंपनी की तरफ से यहां पर एक सुपरवाइजर समेत पांच सुरक्षाकर्मियों का स्टाफ तैनात कर रखा है। लेकिन यहां सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी सुखदेव ही रहता है। जिला सैनिक बोर्ड के लिपिक रामफल ने बताया कि युद्ध स्मारक के म्यूजियम में होली चाइल्ड स्कूल के बच्चों को विजिट पर आना था। इसलिए सैनिक बोर्ड की तरफ से दो लिपिक 24 नवंबर की सुबह म्यूजियम भेजे गए थे। जब वे वहां पहुंचे तो देखकर दंग रह गए। म्यूजियम में रखे सभी सैन्य स्मृति चिह्न व स्वर्णिम याद दिलाती सभी वस्तुएं गायब थीं।

चौकीदार ने पुलिस के सामने किया खुलासा
लिपिक रामफल ने दैनिक भास्कर को बताया कि पुलिस जब मौके पर पहुंची तो चौकीदार सुखदेव ने खुलासा किया कि 11 नवंबर की रात सिक्योरिटी एजेंसी का सुपरवाइजर आलोक कुमार किसी युवती को लेकर म्यूजियम पहुंचा था। वहां युवती के साथ वह काफी समय रहा। सुखदेव पार्क में टहलने के लिए चला गया। इस दौरान म्यूजियम का मुख्य द्वार खुला रह गया था। उसी वक्त चोर वहां से सभी सामान चोरी कर ले गए।