April 25, 2024

हत्या आरोपी निहंग नारायण सिंह ने कोर्ट में कहा “मैंने लखबीर सिंह की टांग काटी और सरबजीत ने हाथ काटा”

Chandigarh/Alive News : लखबीर सिंह की बर्बर तरीके से हत्या करने के आरोपी निहंग नारायण सिंह को कल दोपहर पुलिस ने अदालत में पेश किया। मिली जानकारी के अनुसार पेशी के दौरान आरोपी निहंग नारायण सिंह ने कहा कि मैंने लखबीर सिंह की टांग काटी थी। सरबजीत ने हाथ काटा और भगवंत व गोविंद प्रीत ने उसे लटकाने में मदद की थी। चारों ने ही मिलकर युवक को मारा है, इसमें कोई और शामिल नहीं है। गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी सहन नहीं की जा सकती। 

लखबीर की हत्या के मामले में तीन आरोपियों को रविवार दोपहर दो बजे न्यायालय में पेश किया गया। निहंग नारायण सिंह ने न्यायालय में कहा कि लखबीर की हत्या करने में चारों ही शामिल थे।

वहीं दूसरी ओर पुलिस पूछताछ में सरबजीत ने आठ के शामिल होने की बात कही थी। उनके बचाव में पेश हुए अधिवक्ता के अनुसार जिस प्रकार मुस्लिम कुरान की रक्षा करता है और ईसाई बाइबल की, ऐसे में इन्हें भी अपने गुरुग्रंथ की रक्षा करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने जो किया है वह सही किया है। अगर फिर से गुरुग्रंथ की बेअदबी होती है तो हम पीछे नहीं हटेंगे। हालांकि, इस दौरान भगवंत और गोविंद प्रीत शांत खड़े रहे।