Delhi/Alive News: गुजरात के वडोदरा जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। वडोदरा के पादरा इलाके में महिसागर नदी पर बने पुराने पुल का एक हिस्सा अचानक टूट गया। उस समय पुल से गुजर रहे सात वाहन करीब 100 फीट नीचे नदी में गिर गए। हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। एक टैंकर पुल के किनारे पर ही लटक गया, जिसे समय रहते बचा लिया गया। यह पुल आणंद और वडोदरा शहर को जोड़ता है और इसका निर्माण 1985 में हुआ था।
तीन साल पहले प्रशासन ने इस पुल की जांच कराई थी, जिसमें पुल की स्थिति ठीक नहीं पाई गई थी। बावजूद इसके पुल पर यातायात जारी रखा गया। बताया जा रहा है कि सिर्फ 9 दिन पहले इसका निरीक्षण फिर से हुआ था।
गनीमत रही कि नदी में पानी कम था, नहीं तो हादसा और बड़ा हो सकता था। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत एवं बचाव का काम शुरू कर दिया गया। घायल छह लोगों को वडोदरा के एसएसीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
वडोदरा के कलेक्टर अनिल धामेलिया ने बताया कि गिरने वाले वाहनों में दो ट्रक, दो वैन, एक ऑटो और एक बाइक शामिल हैं। वहीं, दो वाहन जो गिरने ही वाले थे, उन्हें समय रहते हटा लिया गया। एसपी रोहन आनंद ने जानकारी दी कि पुल का करीब 10 से 15 मीटर लंबा हिस्सा अचानक गिर गया।
राज्य सरकार ने हादसे की जांच के आदेश दे दिए हैं। राहत और बचाव कार्य अब भी जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।

