April 20, 2024

कोरोना का कोहरामः देश में बीते 24 घंटे में आए 2 लाख 68 हजार मामले, 402 की मौत, ओमिक्रॉन के मामले छह हजार के पार

New Delhi/Alive News: देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के दो लाख 68 हजार 833 नए केस दर्ज हुए हैं और इस दौरान 402 लोगों की मौत हुईं है। इस बीच 1 लाख 22 हजार 684 लोग ठीक भी हुए हैं। फिलहाल देश में संक्रमण दर का बढ़ना बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में अब सक्रिय कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 14,17,820 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटे में कोरोना से हुईं 402 मौतों के बाद कुल आंकड़ा 4,85,752 पहुंच गया है। देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। कल की अपेक्षा शनिवार को संक्रमण दर में करीब दो प्रतिशत का इजाफा हुआ है। वहीं शुक्रवार से 4631 ज्यादा कोरोना संक्रमित दर्ज किए गए हैं।

शुक्रवार को देश में 2,64,202 कोरोना संक्रमित पाए गए थे। जबकि, आज दो लाख 68 हजार 833 मरीज सामने आए। देश में ओमिक्रॉन के मामलों में भी तेजी से उछाल हो रहा है। शनिवार को यह छह हजार के पार हो गए। जबकि, शुक्रवार को 5,753 मामले सामने आए थे।